Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया। एम. चिन्नास्वामी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी की जीत के नायक विराट कोहली रहे। कोहली ने कहा कि वनडे की शानदार फॉर्म का फायदा उन्हें इस मैच में भी मिला।
आरसीबी को सीजन के पहले मुकाबले में धमाकेदार जीत दिलाने के बाद कोहली ने कहा, "मैदान पर वापस आकर अच्छा लग रहा है। आपने टी20 क्रिकेट की बात की, मैंने जो आखिरी मैच खेला था वह पिछले साल का फाइनल था, लेकिन मुझे लगता है कि हाल ही में वनडे सीरीज में जिस तरह से मैंने बैटिंग की, उसके कारण मुझे लय बनाए रखने में सच में मदद मिली। मैं ऐसे शॉट नहीं खेल रहा था जो मैं आमतौर पर नहीं खेलता। इसलिए मुझे पता था कि जब तक मेरे पास लय है और मैंने पर्दे के पीछे अपनी फिटनेस पर काम किया है, तब तक चीजें अच्छी तरह से होती रहेंगी। हां, आज रात अच्छी शुरुआत करने और इसे आगे बढ़ाने का एक और मौका था।"
कोहली ने कहा कि ब्रेक के कारण उन्हें फिर से तरोताजा होने में मदद मदद मिलती है। उन्होंने कहा, "पिछले 15 सालों में जिस तरह का शेड्यूल रहा है और मैंने जितना क्रिकेट खेला है, उसकी वजह से यह रिस्क रहता है कि मैं थक जाऊंगा। ये ब्रेक मुझे मानसिक तौर पर मदद करते हैं। मैं फ्रेश रहता हूं, मैं उत्साहित रहता हूं। जब भी मैं खेलने वापस आता हूं, तो अपना 120 प्रतिशत देता हूं। मैं बिना तैयारी के वापस नहीं आता। असल में, अतिरिक्त आराम मुझे मानसिक तौर पर तरोताजा होने में मदद करता है। जब तक आप शारीरिक तौर पर फिट और मानसिक रूप से उत्साहित रहेंगे, चीजें अच्छे से होती रहेंगी।"