Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 5 विकेट से हराया। हालांकि, हार के बावजूद कप्तान ईशान किशन ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में जिस तरह से हम लड़े, उससे मैं काफी खुश हूं।
एसआरएच से मिले 157 रनों के लक्ष्य को लखनऊ सुपर जायंट्स ने सिर्फ एक गेंद शेष रहते हुए हासिल किया। इस करीबी हार पर बात करते हुए ईशान किशन ने एसआरएच के गेंदबाजों और फील्डरों की जमकर तारीफ की, जिन्होंने कम स्कोर का बचाव करते हुए भी मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचाया। मैच के बाद उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि गेंदबाजों ने आज बहुत अच्छा काम किया। उन्होंने योजना के अनुसार सही जगहों पर गेंदबाजी की। फील्डरों को भी इसका श्रेय जाता है, जिन्होंने अपना पूरा जोर लगाया। हालांकि, आप जानते हैं कि इस तरह के टूर्नामेंट में एक या दो चौके मैच का रुख बदल सकते हैं और मुकाबले को हाथ से निकाल सकते हैं। मगर जिस तरह से हम इस मैच में लड़े, उससे मैं खुश हूं।"
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम एक समय पर 26 रनों के स्कोर पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही थी। हालांकि, हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की अहम साझेदारी निभाते हुए टीम को 156 रनों के टोटल तक पहुंचाया। क्लासेन ने 62 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 56 रनों का योगदान दिया।