Lucknow Super Giants: साउथ अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मार्क बाउचर ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ खेली गई मिचेल मार्श की 90 रनों की आतिशी पारी को मास्टरक्लास बताया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हालात पूरी तरह से मार्श के अनुकूल थे।
मार्श ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 90 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 7 छक्के लगाए। मार्श ने पहले विकेट के लिए जोश इंग्लिस के साथ मिलकर महज 11.4 ओवर में 135 रनों की साझेदारी निभाई, जिसके बूते एलएसजी सीएसके 188 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में चेज करने में सफल रही।
बाउचर ने 'जियोहॉटस्टार' से बात करते हुए कहा, "यह एक मास्टरक्लास पारी थी। जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श दोनों ने कहा कि विकेट ने उन्हें पर्थ की याद दिला दी। कितनी बाउंड्री विकेट के स्क्वेयर पर लगीं? मार्श जानते थे कि गेंदबाज बैक ऑफ लेंथ पर गेंदबाजी करने वाले हैं, क्योंकि पहले एलएसजी के गेंदबाजों के लिए यही काम कर रहा था। वह गति का इस्तेमाल कर रहे थे और जानते हैं कि इन परिस्थितियों में कैसे बैटिंग करनी है।"