Lucknow Super Giants: 27 फरवरी, 2026 को रिंकू सिंह के सिर से पिता का साया उठ गया। टी20 विश्व कप 2026 में ज्यादा मौके नहीं मिले। आईपीएल 2026 में खेलने उतरे, तो शुरुआती छह मुकाबलों में फॉर्म ने साथ नहीं दिया। हर तरफ आलोचना होने लगी और बल्लेबाजी पर सवाल खड़े कर दिए गए। हालांकि, रिंकू शांत रहे, और उन्होंने 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को बल्ले से ऐसा जवाब दिया, जिसका शोर दूर तक सुनाई दिया।
आईपीएल 2026 की पहली पांच पारियों में रिंकू के नाम सिर्फ 79 रन दर्ज थे। पिता के निधन से जिंदगी में तो दुखों का पहाड़ टूटा ही था और मैदान पर भी कुछ सही नहीं हो रहा था। हर कोई टी20 क्रिकेट में रिंकू के फॉर्म पर सवाल उठाने लगा था। उम्मीदें टूटने लगी थीं और बाएं हाथ के बल्लेबाज पर दबाव जरूरत से अधिक बढ़ रहा था। हालांकि, रिंकू के हौसले और इरादे अभी भी पूरी तरह से मजबूत थे।
रिंकू ने 19 अप्रैल 2026 को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फॉर्म में वापसी की। 52 के स्कोर पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की पारी के रिंकू पालनहार बने। रिंकू राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों से अंत तक अकेले ही लोहा लेते रहे और उन्होंने 34 गेंदों में नाबाद 53 रनों की शानदार पारी खेली। रिंकू की इस जुझारू पारी ने केकेआर को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीजन की पहली जीत दिलाई।