Lucknow Super Giants: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में जीत का खाता खोला। इस टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 5 विकेट से मुकाबला अपने पक्ष में किया। जीत के बाद एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका ने टीम के धैर्य और सामूहिक विश्वास पर जोर दिया। उनका मानना है कि इस तरह के प्रदर्शन एक सफल सीजन बनाने की प्रक्रिया को दर्शाते हैं।
रविवार को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए। इस पारी में हेनरिक क्लासेन ने 62 रन, जबकि नितीश रेड्डी ने 56 रन टीम के खाते में जोड़े। इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस पारी में कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 68 रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम ने 45 रन का योगदान दिया।
जीत के बाद संजीव गोयनका ने कहा कि लंबे टूर्नामेंट में सफल अभियान तैयार करने के लिए समय और टीम के भीतर विश्वास बेहद जरूरी होता है। उन्होंने दबाव की परिस्थितियों में टीम के प्रदर्शन का श्रेय लीडरशिप ग्रुप और खिलाड़ियों के बीच स्पष्टता को दिया। उन्होंने यह भी माना कि यह जीत उत्साहजनक जरूर है, लेकिन टीम का ध्यान आगे भी लगातार सुधार करते हुए टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने पर ही बना रहेगा।