Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सुपर ओवर में पहुंचे 38वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को हराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सुपर ओवर में एलएसजी से मिले 2 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने रिंकू के बल्ले से निकले चौके के साथ पहले ही गेंद पर हासिल कर लिया।
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए। इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी 8 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया। सुपर ओवर में केकेआर की ओर से गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सुनील नरेन को सौंपी गई। नरेन ने पहली ही गेंद पर एलएसजी के बल्लेबाज निकोलस पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया। वहीं, दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत ने एक रन बनाया।
ओवर की तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम ने भी बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री लाइन पर रोवमैन पॉवेल ने शानदार फील्डिंग करते हुए छक्के की ओर जाती गेंद को रिंकू संग मिलकर कैच में तब्दील कर दिया। एलएसजी की टीम सुपर ओवर में महज एक रन ही बना सकी। केकेआर की तरफ से सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाते हुए केकेआर को जीत दिला दी।