Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) एकमात्र ऐसी टीम है जिसे एक भी जीत हासिल नहीं हो सकी है। रविवार को अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में केकेआर के सामने सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को हराकर पहली जीत हासिल करने की चुनौती है।
केकेआर ने सीजन में अब तक 6 मैच खेले हैं। इसमें 5 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, और इसी कारण केकेआर को 1 अंक मिला था।
सीजन में केकेआर खेल के हर विभाग में, चाहे बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और कप्तानी में, कमजोर नजर आई है। बल्लेबाज रन बनाते हैं तो गेंदबाज कमजोर पड़ जाते हैं। प्लेइंग इलेवन में सही खिलाड़ियों का चुनाव और उन्हें सही क्रम पर बल्लेबाजी या गेंदबाजी कराना भी केकेआर की चुनौती रही है। कप्तान रहाणे की ओपनिंग वाली जगह को छोड़कर किसी भी खिलाड़ी का बल्लेबाजी क्रम तय नहीं है। इसका नुकसान केकेआर को उठाना पड़ रहा है।