Royal Challengers Bengaluru: भारत के पूर्व गेंदबाज अनिल कुंबले का मानना है कि रजत पाटीदार के लिए आईपीएल 2026 में खिताब का बचाव करना बड़ी चुनौती होगी। कुंबले ने कहा कि पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पहली बार चैंपियन बनने के बाद इस सीजन उनसे उम्मीदें काफी ज्यादा होंगी। आरसीबी ने आईपीएल 2025 के फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी को अपने नाम किया था।
फाफ डू प्लेसिस के आरसीबी से जाने के बाद रजत पाटीदार को आईपीएल 2025 के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। रजत की अगुवाई में पिछले सीजन टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। आईपीएल 2026 में आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करेगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रजत की कप्तानी में टीम इस साल खिताब का बचाव कर पाती है या नहीं।
अनिल कुंबले ने 'जियोस्टार' से कहा, "रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी टीम के लिए लगातार टाइटल जीतना आसान नहीं होगा। इससे पहले सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही लगातार ट्रॉफी जीत पाए हैं। हालांकि, मुझे लगता है कि रजत पाटीदार का बतौर कप्तान पहला सीजन दमदार रहा। जब उन्हें कप्तान बनाया गया, तो हमारे में से कई लोग हैरान थे, क्योंकि सभी को उम्मीद थी कि विराट फिर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने पाटीदार के साथ जाने का फैसला किया और इसका फायदा हुआ। उन्हें सिर्फ मध्य प्रदेश की कप्तानी का अनुभव था, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया था।"