विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) की मौजूदा चैंपियन होबार्ट हरिकेंस को आगामी सीजन से पहले बड़ा झटका लगा है। हेड कोच जूड कोलमैन ने बुधवार को कन्फर्म किया कि इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट चोट के कारण वर्कलोड को मैनेज करने के लिए आने वाला सीजन नहीं खेलेंगी।
साइवर-ब्रंट ने पिछले सीजन में हरिकेंस को उनका पहला डब्ल्यूबीबीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह टीम की मुख्य इंटरनेशनल खिलाड़ी थीं। हालांकि, इंग्लिश समर के दौरान लगातार पिंडली की समस्या से जूझने के बाद उन्होंने टूर्नामेंट से बाहर रहने का फैसला किया है। साइवर-ब्रंट टी20 विश्व कप में भी बतौर बल्लेबाज ही खेलती हुई नजर आई थीं।
'क्रिकेट.कॉम.एयू' ने एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान कोलमैन के हवाले से कहा, "हमें नैट साइवर-ब्रंट से पता चला है कि वह इस साल टूर्नामेंट में बिल्कुल भी वापस नहीं आ रही हैं। यह हमारे लिए निराशाजनक है, लेकिन हम पूरी तरह से समझते हैं। इंग्लिश समर में उन्हें चोटों से जूझना पड़ा है। जनवरी में डब्ल्यूपीएल (विमेंस प्रीमियर लीग) भी है, इसलिए यह उनके लिए अपने बेटे और पत्नी के साथ घर पर कुछ समय बिताने का एकमात्र मौका है।"