भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का आखिरी सुपर-8 मुकाबला खेला गया। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारतीय टीम की जीत में सबसे बड़ी भूमिका विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की रही। सैमसन मैच में टीम इंडिया के लिए नायक बनकर उभरे।
भारतीय टीम को मैच जिताने के बाद संजू सैमसन जब पवेलियन की तरफ लौटे तो कप्तान सूर्यकुमार यादव को उनके सामने नतमस्तक होना पड़ा। मैच से आठ दिन पहले हुए प्रेस कांफ्रेंस में संजू सैमसन को लेकर सूर्यकुमार का ऐसा बर्ताव नहीं था, लेकिन 8 दिन में ही संजू ने कप्तान को अपने सामने नतमस्तक होने पर मजबूर कर दिया। आइए पूरी कहानी समझते हैं।
विश्व कप की शुरुआत से भारत बतौर ओपनिंग बल्लेबाज ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के साथ खेल रही थी। अभिषेक शर्मा ग्रुप स्टेज में पूरी तरह फ्लॉप रहे थे और लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए थे। उनकी बीमारी की वजह से नामीबिया के खिलाफ संजू को मौका मिला था। उन्होंने 8 गेंद पर 22 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ अगले मैच में फिर से संजू को ड्रॉप कर अभिषेक को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई और अभिषेक पाकिस्तान वाले मैच में शून्य पर आउट हुए।