Lucknow Super Giants: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी ने अपनी चमक बिखेरी है। दोनों खिलाड़ियों ने पावर-प्ले में विस्फोटक शुरुआत देते हुए अपनी उम्र से कहीं अधिक समझदारी के साथ खेलने का इरादा दिखाया है।
भारत के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने बताया कि आर्य और सूर्यवंशी की सफलता का राज यह है कि उन्हें ठीक-ठीक पता है कि उन्हें टी20 क्रिकेट कैसे खेलना है।
पुजारा ने 'जियोहॉटस्टार' के 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' में इन खिलाड़ियों की तारीफ में कहा, "मेरे लिए जो बात सबसे अलग है, वह सिर्फ उनकी स्ट्रोक-प्ले नहीं, बल्कि उनकी सोच की स्पष्टता है। इस उम्र में, ज्यादातर खिलाड़ी अभी भी यह समझने की कोशिश कर रहे होते हैं कि वे किस तरह के खिलाड़ी हैं, लेकिन प्रियांश और वैभव को पहले से ही पता है कि उन्हें यह खेल कैसे खेलना है। यह सिर्फ बिना सोचे-समझे हिट करने के बारे में नहीं है। यह अपने इरादे पर बिना किसी हिचकिचाहट के टिके रहने के बारे में है। वैभव अपनी जबरदस्त, बेजोड़ ताकत दिखाते हैं, जबकि प्रियांश गेंद को खेलने के लिए वह समय देते हैं, जो आप किसी को सिखा नहीं सकते। साथ मिलकर, वे पावर-प्ले के मायने बदल रहे हैं। इससे भी ज्यादा अहम बात यह है कि वे यह सब अपने ही अंदाज में कर रहे हैं। जाहिर है, वे आगे भी सीखते रहेंगे और बेहतर होते जाएंगे, लेकिन इतनी कम उम्र में मैं जो कुछ देख रहा हूं, वह बहुत ही रोमांचक है।"