पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में मार्नस लाबुशेन को हैदराबाद किंग्समेन फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया गया है। लाबुशेन इस साल पीएसएल टीम के कप्तान बनने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। उनसे पहले कराची किंग्स ने डेविड वॉर्नर और मुल्तान सुल्तांस ने एश्टन टर्नर को अपना कप्तान बनाया था।
लाबुशेन टी20 सर्किट में नियमित खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ 1 ही टी20 मैच खेला है। लाबुशेन मुख्य रूप से टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाज हैं, लेकिन ऑफ स्पिन या मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने 59 टी20 मुकाबलों में 40 विकेट निकाले हैं।
दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने बिग बैश लीग में 31 मुकाबले खेले, जिसमें 22.96 की औसत के साथ 643 रन बनाने के साथ 13 विकेट हासिल किए। वहीं, वाइटैलिटी ब्लास्ट में 27 मुकाबले खेलते हुए 32 की औसत के साथ 736 रन बनाए। इस लीग में उन्होंने 27 विकेट भी निकाले हैं।