भारत और अफगानिस्तान के बीच बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मैच खेला गया था। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में 79 गेंदों पर 7 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 125 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के स्पिनर ग्रीम स्वान ने ईशान किशन की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उनमें मैच की स्थिति के मुताबिक खुद को ढालने की क्षमता है।
ग्रीम स्वान ने जियोस्टार पर कहा, "ईशान में टीम की मांग के हिसाब से किसी भी रोल में ढलने की अनोखी क्षमता है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो बिना किसी शिकायत के कोई भी काम करेंगे। वह टीम में वापस आ गए हैं, और ऐसा लग रहा है कि वह कभी बाहर नहीं गए। यह कमाल की बात है।"
स्वान ने कहा, "वह क्रीज पर आए और अपनी पहली फिफ्टी के लिए सावधान थे, लेकिन फिर 50 से 100 तक पहुंचने में सिर्फ 19 गेंदें लीं, जो कि अजीब है। यह कोई पागलपन वाली हिटिंग या स्लॉगिंग भी नहीं थी। वह बस समझदारी से काम ले रहे थे, लेग साइड पर अपनी जगहें चुन रहे थे, गेंदबाजों को अपनी लाइन बदलने पर मजबूर कर रहे थे, और फिर वे शानदार लॉफ्टेड एक्स्ट्रा-कवर ड्राइव खेल रहे थे। किशन की बल्लेबाजी में परिपक्वता दिखती है।"