भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर टी20 वर्ल्ड 2026 के खिताब को अपने नाम किया। भारतीय टीम के वर्ल्ड चैंपियन के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव कोच गौतम गंभीर और जय शाह संग हनुमान मंदिर पहुंचे। कप्तान के मंदिर जाने पर टीएमसी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर आपत्ति जताते हुए इसे शर्मनाक हरकत बताया था। कीर्ति आजाद के बयान पर हरभजन सिंह का कहना है कि खेल और राजनीति को अलग-अलग रखना चाहिए।
पूर्व भारतीय स्पिन गेंदबाज और राज्यसभा सांसद हरभजन ने 'आईएएनएस' से कहा कि भारतीय कप्तान और कोच के मंदिर जाने पर इस तरह के सवाल नहीं खड़े किए जाने चाहिए और यह उनकी आस्था है। भज्जी ने कहा, "उनकी बातें मत सुनिए। देखिए खेल और राजनीति को अलग रखिए। आपकी आस्था है आप मंदिर जाइए, गुरुद्वारे जाइए या कहीं भी जाइए। अगर वह कहीं गए भी हैं, तो यह उनकी इच्छा है।"
हरभजन ने कहा कि यह सूर्यकुमार, गौतम गंभीर की इच्छा है कि वह कहीं भी जाएं और इस पर कोई विशेष टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। पूर्व स्पिनर ने कहा कि अगर उन्होंने मन्नत मांगी है, तो वह कहीं भी जा सकते हैं। हरभजन ने कहा कि इस पर सवाल खड़े नहीं करने चाहिए और हर बार टांग खींचना सही नहीं है।