T20 World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया 76 रन से हारी। टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। ग्रुप स्टेज में अजेय रही टीम इंडिया को इस हार ने सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।
दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल के रास्ते मुश्किल हो गए हैं। सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दो मुकाबले किसी भी कीमत पर बड़े अंतर से जीतने होंगे। इसके लिए टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव कर सकती है। संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है।
मौजूदा प्लेइंग इलेवन के तीन बल्लेबाज, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह, बेहद खराब फॉर्म में चल रहे हैं। विश्व कप में लगातार मौका मिलने के बाद भी इन बल्लेबाजों के बल्ले से बड़ी पारी नहीं आई है। इसलिए जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मैच में इन तीनों में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है और संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में एंट्री हो सकती है। संजू की एंट्री से प्लेइंग इलेवन में एक दाएं हाथ का बल्लेबाज हो जाएगा। यह टीम के संतुलन के लिए भी जरूरी है। टीम में फिलहाल अधिकांश बल्लेबाज लेफ्टी हैं।