टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत 8 मार्च को न्यूजीलैंड के साथ होगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। वहीं, न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा का बल्ला भले ही खामोश रहा हो, लेकिन संजू सैमसन ने अपने प्रदर्शन से हर किसी का दिल जीता है। सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ संजू ने 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली थी। ईशान किशन भी टूर्नामेंट में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। ईशान 8 मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 263 रन बना चुके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 8 मुकाबलों में 242 रन बनाए हैं। हालांकि, सूर्या का स्ट्राइक रेट जरूर सवालों के घेरे में रहा है।
हार्दिक पांड्या बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव के बाद तिलक वर्मा ने फिनिशर की भूमिका को बखूबी निभाया है। वहीं, गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह लाजवाब फॉर्म में चल रहे हैं। बुमराह 7 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुके हैं और उनका इकोनॉमी महज 6.62 का रहा है। हालांकि, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती की हालिया फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय जरूर है।