टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 मैचों की शुरुआत शनिवार से हो रही है। पहला मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला जाना है। दोनों टीमों की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर टूर्नामेंट के दूसरे चरण की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में करने की होगी। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की इस उम्मीद पर बारिश का खतरा है।
कोलंबो में लगातार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से पाकिस्तान टीम को अभ्यास का मौका भी नहीं मिला है। पाकिस्तान बिना अभ्यास के न्यूजीलैंड का सामना करने को तैयार है, लेकिन बारिश मैच के दौरान भी खलल डाल सकती है। पाकिस्तान के कोच रहते हुए कभी सकलेन मुश्ताक ने प्राकृतिक घटनाओं के लिए कुदरत के निजाम की बात कही थी। पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच में इसी निजाम का कहर दिख सकता है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को कोलंबो में 75 प्रतिशत बारिश की संभावना है। 18 प्रतिशत गरज के साथ बारिश की संभावना भी है। 6.7 मिमी बारिश हो सकती है। मैच शाम 7 बजे शुरू होना है। उस समय तक गरज के साथ बारिश की संभावना 41 प्रतिशत तक बढ़ सकती है और डेढ़ घंटे तक बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला मैच धुलने का खतरा है।