Royal Challengers Bengaluru: भारतीय स्टार क्रिकेटर मोहम्मद सिराज और तिलक वर्मा रविवार को तेलंगाना की प्रमुख फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग 'टीजी20' के पहले संस्करण के प्लेयर ऑक्शन में मुख्य आकर्षण होंगे। टीजी20 का पहला संस्करण 21 जून को उप्पल स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा। इस टूर्नामेंट के सभी मैच भारत के सबसे बेहतरीन क्रिकेट स्टेडियम में से एक में खेले जाएंगे।
रामोजी फिल्म सिटी के प्रिंसेस कन्वेंशन सेंटर में होने वाले नीलामी पूल में कई स्थापित घरेलू खिलाड़ी शामिल हैं, इनमें रोहित रायडू, राहुल बुद्धि, सीवी मिलिंद और तन्मय अग्रवाल मौजूद हैं, जो फ्रेंचाइजी मालिकों का ध्यान आकर्षित करेंगे। इस सूची में भारत अंडर-19 के प्रतिनिधि आरोन जॉर्ज और तेलंगाना की हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफी जीतने वाली टीम के सदस्य शामिल हैं।
यह तेलंगाना की पहली फ्रेंचाइजी-आधारित टी20 लीग है, जिसमें 1,300 से अधिक एचसीए-पंजीकृत क्रिकेटर्स की नीलामी होगी। लीग के दौरान 8 टीमों के बीच 21 दिनों में 32 मैच खेले जाएंगे।