Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) को सुपर ओवर में हराया। केकेआर की इस जीत के नायक रिंकू सिंह रहे। रिंकू ने 51 गेंदों में नाबाद 83 रनों की दमदार पारी खेली।
भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने रिंकू सिंह की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि केकेआर की पारी के आखिरी ओवर में रिंकू के बल्ले से निकले उन 4 छक्कों ने मैच का पूरा रुख पलट दिया। 'जियोहॉस्टार' पर बात करते हुए पठान ने कहा, "उस आखिरी ओवर में रिंकू सिंह की जागरूकता जबरदस्त थी। उन्होंने गेंदबाज के प्लान का अंदाजा लगाया, अपनी पोजीशन एडजस्ट की, और विकेट के दोनों तरफ रन बटोरे। रिंकू के उन चार छक्कों ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। उन 26 रनों के बिना केकेआर यह मैच नहीं जीत पाता।"
पठान के अनुसार, रिंकू ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, "जो बात और भी खास थी, वह थी कि उन्होंने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की। एक पल ऐसा भी आया जब उन्होंने स्ट्राइक रखने का फैसला किया। इसके साथ ही, ओवर को खत्म करने के लिए खुद पर भरोसा भी दिखाया। रिंकू ने दबाव में अच्छा प्रदर्शन किया। हालात को समझने और सबसे अहम समय पर मैच को कंट्रोल करने की उनकी काबिलियत ही रिंकू को खास बनाती है।"