विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने गुरुवार को 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। भरत ने साल 2023 से 2024 के बीच टीम इंडिया के लिए 7 टेस्ट मैच खेले। इसके अलावा, घरेलू क्रिकेट में आंध्र के लिए अहम भूमिका निभाई थी।
संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट में लिखा, "गर्व भरे दिल और कृतज्ञता की भावना के साथ, मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मेरी इस यात्रा में बहुत अधिक धैर्य और ताकत की जरूरत पड़ी, लेकिन टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान हर पल के लायक है। चार लोगों के हमारे परिवार में, हम सभी ने दो दशकों तक एक ही सपना जिया; मेरी बहन, मां और पिता को बहुत-बहुत धन्यवाद कि उन्होंने ऐसा माहौल और सपोर्ट सिस्टम बनाया। मैं उनके प्यार, अनुशासन और कड़ी मेहनत का ही नतीजा हूं।"
उन्होंने कहा, "धन्यवाद, बीसीसीआई, और उन सभी कोचों और मैनेजर्स को जिनसे मैं अपने करियर में मिला। उन्होंने बिना किसी शर्त के मेरा साथ दिया और मुझे उच्चतम स्तर पर खेलने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए एक शानदार माहौल दिया। धन्यवाद, आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, वीडीसीए, और सभी पदाधिकारियों को, जिन्होंने मेरे बचपन से ही मेरा साथ दिया और मुझे प्रोत्साहित किया। मैं उन सभी ग्राउंड्समैन का बहुत-बहुत आभारी और ऋणी हूं, जिन्होंने यह पक्का करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की कि मुझे हर समय सबसे अच्छी पिचें और मैदान की स्थितियां मिलें। अपने सभी साथियों को, मैं उन सभी पलों और उपलब्धियों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं, जो हमने साथ मिलकर हासिल कीं। इनसे मेरे करियर में मुझे बहुत मदद मिली। आप सभी के बिना, मेरे लिए अपने सपनों को पूरा करना और इतने वर्षों तक यह खेल खेलना मुमकिन नहीं हो पाता।"