भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा है कि अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर आईपीएल 2026 में धूम मचा रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की तुलना महान सचिन तेंदुलकर से कर उन पर बोझ न डाला जाए। कार्तिक ने कहा कि इस युवा खिलाड़ी के सामने आने वाली चुनौतियां बिल्कुल अलग होंगी।
दिनेश कार्तिक ने आईक्यूओओ पॉडकास्ट के 'क्वेस्ट टॉक' के आने वाले एपिसोड में कहा, "वैभव जो कर रहा है, वह बहुत खास है। लेकिन मैं लोगों से यह नहीं चाहता कि वे उसे 'अगला सचिन' कहना शुरू कर दें। वह अभी सिर्फ 15 साल का है और इस उम्र में ऐसा शानदार प्रदर्शन कर रहा है। मेरा मानना है कि सचिन ने जो किया था, वह असाधारण था। वैभव के सामने आने वाली चुनौतियां बिल्कुल अलग होंगी।"
कार्तिक ने कहा, "सचिन के सामने जितनी चुनौतियां मैदान पर थीं, उतनी ही मैदान के बाहर भी थीं। वैभव के सामने आने वाली चुनौतियां निश्चित रूप से मैदान के बाहर ज्यादा होंगी। उसके पास क्रिकेट के हुनर की कोई कमी नहीं है। उसे तो खेल के बाहर की चीजों से निपटना सीखना होगा।"