भारतीय क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में पहले दिन 3 विकेट के नुकसान पर 276 रन बना लिए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने पर केएल राहुल (127) और उप-कप्तान अंजिक्य रहाणे (1) नाबाद पवेलियन लौटे हैं।
पहले दिन केएल राहुल के सामने इंग्लैंड के सारे गेंदबाज़ घुटने टेकते हुए नजर आए। राहुल के शतक के बाद उनकी चौतरफा तारीफ की जा रही है। इस कड़ी में बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सुनील शेट्टी का नाम भी शामिल हो गया है, जिनकी बेटी अथिया शेट्टी राहुल के साथ इस समय इंग्लैंड में क्वालिटी टाइम बिता रही हैं।
सुनील शेट्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से राहुल के शतक का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'क्रिकेट के मक्का में शतक, अच्छा खेले बाबा।' शेट्टी के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर भी मज़ेदार रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं।
100 at the Mecca of cricket! Well played baba @klrahul11 pic.twitter.com/jID3GKTm7y
— Suniel Shetty (@SunielVShetty) August 12, 2021