राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से तहलका मचाए हुए हैं। बेशक सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में वो बिना खाता खोले आउट हो गए लेकिन इसके बावजूद मैच के दौरान वो काफी सुर्खियों में रहे और इसी कड़ी में उनका एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें बाउंड्री लाइन के पास अपने साथियों के लिए ड्रिंक्स ले जाते हुए देखा जा सकता है।
हालांकि, इस दौरान ड्रिंक्स कैरी करते हुए सूर्यवंशी शरारती अंदाज में तौलिए से अपना चेहरा छिपाते हुए देखे गए। ये मज़ेदार घटना तब हुई जब सूर्यवंशी सपोर्ट स्टाफ की मदद करते हुए खिलाड़ियों को ड्रिंक्स बांट रहे थे। ऐसा करते समय, वो कैमरों से शर्माते हुए दिखे। उन्होंने ध्यान से बचने की एक मज़ेदार कोशिश में तौलिए से अपना चेहरा ढक लिया। इस मजेदार वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने पारी को संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 91 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उन्हें हेनरिक क्लासेन का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 26 गेंदों में 40 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 88 रन की अहम साझेदारी हुई। अंतिम ओवरों में नितीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में 28 रन और सलिल अरोड़ा ने 13 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 216 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।