BBL: बाउंसर (Bouncer Ball) गेंदबाजों का एक ऐसा हथियार है जिसके दम पर वह बल्लेबाज़ों को बीच मैदान पर काफी डरा सकते हैं। कई बार यह गेंद काफी खतरनाक भी हो जाती है और ऐसा ही एक बार फिर देखने को मिला है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही बिग बैश लीग (Big Bash League) के दौरान एक बाउंसर गेंद बल्लेबाज़ के हेल्मेट पर जाकर लगी जिसके बाद बल्लेबाज़ तो चोटिल नहीं हुआ, लेकिन जब उन्होंने अपना हेल्मेट उतारकर देखा तब उसका रंग उड़ा नज़र आया।
बिग बैश लीग के सांतवें मैच में यह घटना घटी। सिडनी थंडर (Sydney Thunder) और मेलबर्न रेनेगेड्स (Melbourne Renegades) की टीम आमने-सामने थी। ब्रेंडन डोगेट (Brendan Doggett) ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद बाउंसर डिलीवर की थी। उनके सामने अकील हुसैन थे जिनके यह गेंद सीधा हेल्मेट से टकराई। यहां अकील हुसैन गंभीर रूप से चोटिल नहीं हुए, लेकिन जब उन्होंने अपना हेल्मेट सिर से उतारकर जांचा, तब उन्हें पता चला कि उनके हेल्मेट का रंग उड़ चुका है।
बता दें कि इस घटना के बाद अकील हुसैन महज़ दो गेंद खेल सके और फिर 13 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 9 गेंदों का सामना किया। उन्होंने रेनेगेड्स के लिए एरोन फिंच के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 37 रनों की बेहद जरूरी साझेदारी भी की। फिंच ने मुकाबले में 43 गेंद खेलकर 70 रन बनाए और अपनी टीम के हीरो रहे।
गौरतलब है कि डॉकलैंड्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सिडनी थंडर ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद उनकी टीम ने राइली रूसो की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 174 रन बनाए। इसके जवाब में फिंच ने नाबाद 70 रन जड़े और अपनी टीम को रोमांचक मैच में 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जीत दिलवाई।