विश्वास कीजिए पिछले दिनों एक ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोअर (Ben Treloar) भारत में दो रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायर थे। सबसे पहले पालम में दिल्ली और गुजरात के बीच मैच और उसके बाद मुंबई और हरियाणा के बीच मैच में। ऐसी क्या बात हुई कि एक ऑस्ट्रेलियाई अंपायर को यहां ड्यूटी मिली? बात यहीं खत्म नहीं होती। इसी तरह, बहुत जल्दी एक भारतीय अंपायर पराशर जोशी (Parashar Joshi) ऑस्ट्रेलिया में शेफ़ील्ड शील्ड (ऑस्ट्रेलिया की घरेलू क्रिकेट चैंपियनशिप) के दो और एक वन डे कप मैच में अंपायरिंग करेंगे।
अंपायर का ये एक्सचेंज, असल में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बीसीसीआई के बीच 'अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम' (Umpire Exchange Programme) का हिस्सा है। इस प्रोग्राम के तहत ट्रेलोअर ऐसे पहले नहीं जो भारत आए, उनसे पहले भी कई विदेशी अंपायर भारत के घरेलू मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। ये अपने साथ कई यादगार अनुभव और दिलचस्प किस्से लेकर, अपने देश लौटे।
2020 में आए ऑस्ट्रेलियाई अंपायर ग्रेग डेविडसन (Greg Davidson) तो यहां बिताए दिन, आज भी याद करते हैं। वे वडोदरा (गुजरात) में रणजी ट्रॉफी मैच अंपायर थे और इसके बाद मुंबई में खेले एक मैच में। 6 फुट 10 इंच लंबे डेविडसन, आसानी से पहचान में आ जाते थे और जहां ऑस्ट्रेलिया में कोई उन पर ध्यान भी नहीं देता था, यहां लोग उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने आए तो उन्हें किसी सेलिब्रिटी जैसा महसूस हुआ। वे याद करते हुए कहते हैं, 'मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा शोर और भीड़ थी, बिल्कुल किसी खचाखच भरे क्रिकेट स्टेडियम की तरह।'
डेविडसन के साथ उनकी पत्नी ट्रेसी (Tracey) भी आई थीं और दोनों को ग्राउंड के बाहर भी शानदार भारतीय मेहमाननवाजी मिली। ट्रेसी, पेशे से एक स्कूल टीचर हैं, और इसलिए भारतीय मैच रेफरी वर्षा नागरे उन्हें खास तौर पर मुंबई के कुछ लोकल प्राइमरी स्कूल दिखाने ले गईं। इस दंपति ने भारत में रहने का एक अलग पहलू देखा।
डेविडसन तो ये सुनकर आए थे कि भारत में पिचें सूखी और धूल भरी होंगी लेकिन इसके उलट, जब पिचों पर काफी घास और अच्छी उछाल देखी तो वे हैरान रह गए।
दक्षिण अफ्रीका से आए अंपायर लुबाबा गकुमा (Lubabalo Gcuma) को भी भारतीय पिचों ने एक अलग तरह की चुनौती के साथ सबसे ज्यादा हैरान किया। वे नवंबर 2016 में, चेन्नई में असम और महाराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायर थे। उन्हें यहां अंपायरिंग करना बिल्कुल अलग लगा क्योंकि गेंद अचानक बहुत ज्यादा स्पिन हो रही थी तो पिच से उछल भी रही थी। धूल भरी और टर्न लेने वाली पिच पर वे पास के फील्डरों को बार-बार ज़ोरदार अपील करते देख बड़े हैरान थे और इसलिए यहां अंपायरिंग करते हुए उन्हें बड़ा होशियार रहना पड़ा।
नवंबर 2016 में ही, मैसूर में मुंबई और उत्तर प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी मैच में ऑस्ट्रेलियाई अंपायर सैम निजिंस्की (Sam Nogajski) ड्यूटी पर थे। वे मैच के बीच ही बीमार पड़ गए पेट दर्द और पेट खराब की तकलीफ से। नौबत ये आ गई कि उन्हें डिहाइड्रेशन की वजह से हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। ऐसे में अंपायरिंग कैसे करते?
उस मैच में उनके साथ ड्यूटी पर थे भारतीय अंपायर वीरेंद्र शर्मा। वे बड़ी परेशानी में पड़ गए। एक रिज़र्व अंपायर, वेजित डी (Vejith D) मैच के दौरान स्टेडियम में थे पर चूंकि वे बीसीसीआई अंपायरिंग पैनल में नहीं थे, इसलिए बॉलर एंड पर ऑन-फील्ड अंपायर की ड्यूटी नहीं संभाल सकते थे। ऐसे में वे स्क्वायर-लेग अंपायर रहे और नतीजतन, जब तक बीसीसीआई ने किसी और को नहीं भेजा, शर्मा दोनों एंड से अंपायरिंग करते रहे।
इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी से अंपायर बने मार्टिन सैगर्स (Martin Saggers) ने भी रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान दर्शकों के जोश और खेल की परिस्थितियों में इंग्लैंड की तुलना में, काफी अंतर महसूस किया। उन्होंने भारतीय मेहमाननवाजी की तो तारीफ की, लेकिन कहा कि इतने लंबे घरेलू सीजन और सूखी, खुरदरी आउटफील्ड के लिए, इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट के मुकाबले खिलाड़ियों को बहुत ज्यादा फिट रहने की जरूरत है।
भारत में ट्रेलोअर अपने पहले असाइनमेंट में पालम ग्राउंड पर थे तो उन्हें एक बड़ा अनोखा अनुभव मिला। असल में एयर पोर्ट साथ में ही होने से बार-बार नीचे उड़ती फ्लाइट आ-जा रही थीं जो उन्हें बड़ा मजेदार पर अजीब भी लगा।
इस मैच में दिल्ली ने 648-6 का स्कोर बनाया और जवाब में गुजरात ने 479 रन। ड्रॉ रहा मैच और ट्रेलोअर ने 318.5 ओवर तक अंपायरिंग की। ये उनके लिए पहला ऐसा अनुभव था जहां किसी टीम ने एक पारी में लगभग 650 रन बनाए। वे लगभग पूरे मैच में एक ही एंड से अंपायरिंग करते रहे (दूसरे एंड से सिर्फ 4 ओवर में अंपायरिंग की)।
भारत में ट्रेलोअर के दिन बड़े दिलचस्प रहे। दिल्ली और गुजरात के खिलाड़ियों ने उनसे, इनके बारे में खूब बातें कीं। वे खिलाड़ियों, टीम मैनेजमेंट, ग्राउंड स्टाफ और कैटरिंग स्टाफ के क्रिकेट के लिए जुनून और उनकी मेहमाननवाजी से बड़े खुश थे।
क्रिकेट के अलावा, ट्रेलोअर तो दिल्ली के बाजारों में भी खूब घूमे, खास तौर पर किचन के मसाले खरीदे और स्ट्रीट फूड भी खाया। उन्हें दाल, सब्जियां, गार्लिक-बटर नान और वड़ा पाव सबसे ज्यादा पसंद आए। असल में वे खुद घर पर कुकिंग के शौकीन हैं, इसलिए उनका ज्यादा ध्यान ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार के लिए भारतीय स्वाद को साथ ले जाने पर था।
Also Read: LIVE Cricket Score
जब पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया में शेफ़ील्ड शील्ड में अंपायरिंग करेंगे तो एक अलग स्टोरी में भारतीय अंपायरों के विदेश में अनुभव की भी बात करेंगे।