इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 67वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शनिवार (20 मई) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था जिसे चेन्नई सुपर किंग्स ने 77 रनों के बड़े अंतर से जीतकर अपने नाम कर लिया है। दिल्ली कैपिटल्स को हराने के बाद अब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2023 के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन चुकी है।
गायकवाड़ और कॉवने के सामने पस्त हुए दिल्ली कैपिटल्स
महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली के मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे की सलामी जोड़ी ने रनों का अंबार लगा दिया। गायकवाड़ ने 50 गेंदों पर 3 चौके और 7 छक्के की मदद से 79 रनों की पारी खेली। वहीं डेवोन कॉनवे ने 52 गेंदों का सामना करके 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 87 रन बनाए। इन दोनों ही खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 141 रनों की साझेदारी हुई। उनके अलावा शिवम दुबे (22) और रविंद्र जडेजा (20) ने भी एक छोटी, लेकिन तेज पारी खेली।