Samantha Bates Follow-Through Catch: द हंड्रेड विमेंस 2026 (The Hundred Women's 2026) के मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर सामंथा (Samantha Bates) बेट्स ने अपनी ही गेंद पर फॉलो-थ्रू में एक ऐसा गजब कैच लपका, जिसे देखकर वहां मौजूद खिलाड़ी और फैंस दोनों दंग रह गए।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का 14वां लीग मुकाबला शुक्रवार (31 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ट्रेंट रॉकेट्स और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। ट्रेंट रॉकेट्स के 154 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम लगातार विकेट गंवाती रही और 100 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते उसके 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।
इसी बीच पारी की 83वीं गेंद पर सामंथा बेट्स ने ऐसा कैच लपका जिसने सबको कुछ पल के लिए हैरान कर दिया। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर जोआना गार्डन ने आगे बढ़कर जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद तेजी से सीधी बेट्स की ओर लौट आई।