Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में एलएसजी के खिलाड़ी एडेन मार्करम के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
एडेन मार्करम आईपीएल इतिहास में एलएसजी की तरफ से सबसे महंगा ओवर डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। पंजाब किंग्स की पारी के 13वें और अपने स्पेल के पहले ओवर में मार्करम ने 32 रन दिए। उनके इस ओवर में पीबीकेएस के बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने मिलकर कुल 5 छक्के लगाए। मार्करम से पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड रवि बिश्नोई के नाम दर्ज था। उन्होंने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में 27 रन दिए थे।
कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की लाजवाब साझेदारी निभाई। आईपीएल इतिहास में यह महज तीसरा मौका है, जब पंजाब किंग्स की तरफ से किसी जोड़ी ने 150 से ऊपर रनों की साझेदारी निभाई है। इससे पहले केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने 2020 में 183 रनों की साझेदारी की थी।