Lucknow Super Giants: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 50वां मैच गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
खराब फॉर्म से जूझ रही एलएसजी प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर मौजूद है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 9 में से 7 मैच गंवाए हैं। यह टीम लगातार छह मैच हारने के बाद इस मुकाबले में उतरेगी। इस टीम को अपने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म होने की कगार पर होने के कारण, टीम का लक्ष्य मेहमानों के खिलाफ एक दमदार प्रदर्शन करना होगा।
दूसरी तरफ, आरसीबी प्लेऑफ में पहुंचने से चंद कदम दूर है। यह टीम 9 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायादन पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ चार विकेट से मैच हारने के बाद इस मुकाबले में उतरेगी। टीम का लक्ष्य लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर अपनी बढ़त को और मजबूत करना और प्लेऑफ में जगह बनाने के और करीब पहुंचना होगा।