Lucknow Super Giants: ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में प्रदर्शन' शर्मनाक' रहा। ये टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही। 'प्लेऑफ' की रेस से बाहर होने के बाद पंत ने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है। खुद फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी दी।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) यह औपचारिक तौर पर घोषित करना चाहती है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी के साथ अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त होने का अनुरोध किया है। फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।"
एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, "ऋषभ ने इस अनुरोध के साथ फ्रेंचाइजी से संपर्क किया और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया है। ये फैसले कभी भी आसान नहीं होते। हम उन सभी चीजों के लिए आभारी हैं, जो ऋषभ बतौर कप्तान इस ड्रेसिंग रूम में लाए हैं। अब हमारा ध्यान सामूहिक प्रयासों पर है- सर्वश्रेष्ठ मानकों तक पहुंचने के लिए टीम का पुनर्निर्माण और पुनर्गठन करना।"