India A vs Australia A, 3rd Unofficial ODI: भारत-ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरे अनौपचारिक वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया-ए को 49 रनों से हराया। यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह और निशांत सिंधु की तिकड़ी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत के लिए हारी हुई बाजी को पलटा।
भारत-ए से मिले 276 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया-ए की पूरी टीम 46.2 ओवर में 226 रन बनाकर ऑलआउट हुई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को जोश फिलिप्स और लियाम स्कॉट ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। स्कॉट 26 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फिलिप्स 48 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।
लाचलान शॉ अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 31 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नाथन मैकस्वीनी 58 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। निखिल चौधरी अनलकी रहे और वह 29 रन बनाने के बाद रनआउट होकर पवेलियन लौटे। मिचेल ओवेन 20 रन बनाने के बाद गुरजपनीत सिंह का शिकार बने। विल सदलैंड ने 7 रन बनाए, तो बेन ड्वारशुइस 5 रन ही बना सके। टॉड मर्फी 6 रन बनाकर यश ठाकुर की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल को कैच देकर आउट हुए।