वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मुंबई में ऐसा तूफान खड़ा किया कि रिकॉर्ड बुक हिल गई। ज़िम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने 19 छक्के जड़कर भारत और ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। यही नहीं, टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में ये कारनामा करने वाली दूसरी टीम भी बन गई।
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड मुकाबले में सोमवार (23 फरवरी) को वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रनों की बारिश देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 254 रन ठोक दिए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2007 में श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप का बड़ा स्कोर बनाते हुए केन्या के खिलाफ 260 रन ठोके थे।
इस विस्फोटक पारी के हीरो रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर, जिन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में 85 रन कूट दिए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए। उनके साथ पूर्व कप्तान रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रन जड़ते हुए 4 चौके और 4 छक्के उड़ाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 122 रन की साझेदारी कर ज़िम्बाब्वे के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी।